आइसलैंड की शिक्षा व बाल मामलों की मंत्री एस्थिल्डुर लोआ थोर्सडोटिर ने अपने अतीत से जुड़े विवाद के चलते इस्तीफा दे दिया है। हाल ही में उन्होंने स्वीकार किया कि जब वह 22 वर्ष की थीं, तब उनका एक 15 वर्षीय लड़के के साथ संबंध था, जिससे एक संतान भी हुई। इस खुलासे के बाद देशभर में जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली।
क्यों आया विवाद?
यह मामला करीब तीन दशक पुराना है, लेकिन हाल ही में जब उस लड़के (अब एक वयस्क) ने आरोप लगाया कि मंत्री ने वर्षों तक उन्हें अपने बच्चे से मिलने से रोका, तो मामला गर्मा गया।
आइसलैंड के कानूनों के मुताबिक, किसी मार्गदर्शक (काउंसलर) और नाबालिग के बीच संबंध गैरकानूनी हैं।
मंत्री ने इस रिश्ते को अपनी “युवावस्था की गलती” बताया, लेकिन देशभर में बढ़ते दबाव के बीच उन्हें इस्तीफा देना पड़ा।
सरकार पर क्या असर?
मंत्री ने स्वीकार किया कि अगर वह अपने पद पर बनी रहीं तो सरकार में अस्थिरता बनी रहेगी। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह संसद में बनी रहेंगी।
इस पूरे विवाद ने आइसलैंड की राजनीति को हिला कर रख दिया है और यह मामला अब कानूनी जांच के दायरे में भी आ सकता है।