2025-03-23

Shah Alert

शाह अलर्ट भारत का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्यूज़ चैनल

कांग्रेस की वर्चस्व की लड़ाई में भाजपा का क्या काम

शाह अलर्ट

भोपाल । मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंंह चौहान ने आज पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को निशाने पर लेते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने कभी ये नहीं कहा कि उनके (श्री सिंह के) और श्री कमलनाथ के बीच अनबन है और कांग्रेस के इन दोनों नेताओं के वर्चस्व की लड़ाई में भाजपा कहां से बीच में आ गई।

श्री चौहान ने अपने वीडियो संदेश में कहा, एक कहावत है, चोर की दाढ़ी में तिनका। भाजपा ने कब कहा कि दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के बीच में अनबन है। श्री दिग्विजय सिंह सोशल मीडिया पर बता रहे हैं कि अनबन नहीं है, भाजपा भ्रम फैला रही है। भाजपा भ्रम क्यों फैलाएगी।

उन्होंने कहा, ये सभी ने देखा कि कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर अनबन हुई और श्री कमलनाथ ने खुलेआम कहा, कि कपड़े फाड़ना है तो दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह के फाड़ो। उन्होंने श्री सिंह को संबोधित करते हुए कहा कि इस बात को हंसी-मजाक में नहीं ले जाया जा सकता है कि श्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ टिकट बांट देते हैं और बाद में कांग्रेस समिति उसे अनुमोदित करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में वर्चस्व और बेटों को स्थापित करने की लड़ाई जगजाहिर है। इसमें भारतीय जनता पार्टी कहां से बीच में आई।

इसके पहले आज सुबह श्री दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया था, ‘बीजेपी की गुटबाजी इन दिनों चरम पर है जिसे ढांकने के लिए वे प्रायोजित रूप से कांग्रेस नेताओं में खासकर मेरे और कमलनाथ जी के बीच की अनबन की झूठी खबरें फैलाते हैं। जबकि कांग्रेस का हर एक नेता भाजपा को हराने के लिए एकजुट और संकल्पबद्ध है। ⁦मेरी सभी मतदाता भाइयों एवं बहनों से प्रार्थना है कि वे कांग्रेस नेताओं में फूट के भाजपा के भ्रामक प्रचार के झांसे में न आएं। कांग्रेस एक जुट है। हम लोग सब मिलकर काम करेंगे और भाजपा को हराएंगे, जन बल जीतेगा, धन बल हारेगा। कमलनाथ जी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी।’

श्री चौहान इसी पोस्ट पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।

× How can I help you?