पन्ना । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कांग्रेस पर देश के लिए कुछ नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब कुछ नहीं कर सकती है तो कांग्रेस जैसे बोझ को ढोने का क्या मतलब है।श्री योगी ने पन्ना के पवई और अशोकनगर में सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार बदलने से क्या परिवर्तन हो सकते हैं, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने दिखाया है। काशी विश्वनाथ धाम में पहले एक साथ पांच लोगों का जाना मुश्किल था। आज 50 हजार लोग भी चले जाएं, तो जगह की कमी नहीं होगी। केदारनाथ धाम कांग्रेस के समय में तबाह हो चुका था, लेकिन मोदी सरकार ने उसका पुनरुद्धार कराया। उज्जैन में महाकाल महालोक बना है और अयोध्या में श्री राम का भव्य मंदिर तैयार है।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस होती तो क्या राम मंदिर का निर्माण हो पाता। कांग्रेस होती तो क्या बाबा विश्वनाथ धाम का निर्माण हो पाता। कांग्रेस होती तो क्या देश से आतंकवाद और नक्सलवाद समाप्त हो पाते। जो कांग्रेस देश को सुरक्षा नहीं दे सकती, विकास और गरीब कल्याण के काम नहीं कर सकती, लोगों की आस्था का सम्मान नहीं कर सकती, तो उस कांग्रेस रूपी बोझ को ढोने का मतलब क्या है।श्री योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार का लाभ कैसे मिलता है, यह बीते सालों में मध्यप्रदेश ने देखा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मिलकर मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य की स्थिति से उबारा और विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारें जो काम 55-60 सालों में नहीं कर सकी थी, प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री चौहान की जोड़ी ने वह काम सिर्फ 9 सालों में कर दिखाया है।उन्होंने कहा कि हर गरीब के पास सिर छुपाने के लिए छत होना, गरीब के घर में शौचालय का निर्माण होना, हर गरीब को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पांच लाख तक इलाज की सुविधा उपलब्ध कराना, हर घर में बिजली पहुंचाना, उज्जवला योजना में गैस कनेक्शन देना जैसे काम कांग्रेस भी कर सकती थी। उसे भी 60 सालों तक काम करने का मौका मिला था। लेकिन विकास उसके एजेंडे का हिस्सा नहीं रहा।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ समस्याएं पैदा करती हैं। ये समस्याएं उसकी वोट बैंक की राजनीति का आधार रही हैं, इसलिए वो इन समस्याओं को पोषित करती रही है, उनका समाधान नहीं किया। इन समस्याओं का समाधान प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार कर रही है।
जब कुछ नहीं कर सकती तो कांग्रेस जैसे बोझ को ढोने का क्या मतलब: योगी आदित्यनाथ
ByArshad Rana
Nov 15, 2023 #9917333 300, #Arshad Rana, #National, #Shah Alert, #Uttar Pradesh, #Yogi Adityanath, #शाह अलर्ट